उदंती सीता नदी अभ्यारण के उपनिदेशक पर ग्रामीणों ने किया हमला

अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी के लिए अपनी टीम के साथ गए थे
धमतरी-सिहावा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जैतपुरी में सोमवार की दोपहर वन विभाग के डीएफओ वरुण जैन और उनकी टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। यहां पर एक चुक हो गई थी उनके साथ पुलिस नहीं थी। हमले के बाद तत्काल सिहावा थाना को सूचना देकर पुलिस बल बुलाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार 18 मई को उदंती सीता नदी अभ्यारण के उपनिदेशक वरुण जैन अपनी टीम के साथ अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी के लिए ग्राम जैतपुरी थाना सिहावा गए हुए थे। यह गांव संवेदनशील गांव है और यहां ग्रामीण जंगल काटकर अतिक्रमण किए हुए हैं। जैसे ही वह अपने टीम के साथ पहुंचे बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और डीएफओ पर हमला कर दिया।इस दौरान अन्य अधिकारी कर्मचारियों को भी ग्रामीणों ने अपना निशाना बनाया। बड़ी मुश्किल से वह बचकर बाहर निकले और तुरंत इसकी सूचना थाना सिहावा को देकर बल मंगाया।
ये है मामला
ज्ञात हो कि वन विभाग को सैटेलाइट इमेजरी और ड्रोन सर्वे से बड़ा खुलासा मिला मिला था कि सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर वन्यप्राणी क्षेत्र और महानदी के कैचमेंट इलाके में पिछले 15 वर्षों में लगभग 1 लाख पेड़ों की अवैध कटाई कर 106 हेक्टेयर (265 एकड़) जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया। इस मामले में ग्राम जैतपुरी के 166 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी।
वन विभाग के अनुसार वर्ष 2011 में 45 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिक्रमण पाया गया था, जो अगले दस वर्षों में बढ़कर 106 हेक्टेयर तक पहुंच गया। हैरानी की बात यह है कि सभी अतिक्रमणकारियों के पास राजस्व क्षेत्र में अपनी जमीन भी मौजूद है, इसके बावजूद उन्होंने वन भूमि पर कब्जा किया।जांच में सामने आया था कि पहले इस वन क्षेत्र में प्रति हेक्टेयर लगभग 1000 पेड़ थे, जो अब घटकर 25–50 पेड़ प्रति हेक्टेयर रह गए हैं। इससे स्पष्ट है कि अतिक्रमणकारियों ने खेती के लिए बड़े पैमाने पर जंगल साफ किया।
वन विभाग ने सभी 166 आरोपियों के खिलाफ POR क्रमांक 15/10, 15/11, 15/12 और 15/13 दर्ज किए हैं और बेदखली नोटिस जारी किया गया था।
पांच लोगों को किया गया गिरफ्तार डीएफओ वरुण जैन ने प्रखर समाचार को बताया कि वह 166 अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी के लिए अपनी टीम के साथ जैतपुरी गए हुए थे इसी दौरान ग्रामीणों ने उनके और उनकी टीम के ऊपर हमला कर दिया। जैसे तैसे बचकर वह बाहर निकले और तुरंत सिहावा थाना को सूचना देकर पुलिस को बुलाया है। पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनकी अग्रिम जमानत याचिका न्यायालय ने पहले ही खारिज कर दी है। सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस भी जारी किया जा चुका था।



