नेतानार में विकास की नई दस्तक: अमित शाह ने किया शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा का उद्घाटन, बोले—अब पहुंची जनता के दरवाजे तक डिजिटल सरकार

नेतानार में विकास की नई दस्तक: अमित शाह ने किया शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा का उद्घाटन, बोले—अब पहुंची जनता के दरवाजे तक डिजिटल सरकार
जगदलपुर। बस्तर जिले के नेतानार ग्राम में सोमवार को एक अहम पहल के तहत केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सीआरपीएफ कैंप पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा (जन सुविधा केंद्र) का उद्घाटन किया, जो क्षेत्र में सुरक्षा ढांचे के साथ-साथ विकास की नई दिशा का संकेत माना जा रहा है।
अब तक यह कैंप केवल सुरक्षाबलों की गतिविधियों तक सीमित था, लेकिन अब इसे आम नागरिकों के लिए भी खोल दिया गया है। इस बदलाव के बाद आसपास के ग्रामीणों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है। इस जन सुविधा केंद्र में आंगनबाड़ी, प्राथमिक विद्यालय और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, इसे विकास, प्रशासनिक पहुंच और आधुनिक सुविधाओं को ग्रामीण स्तर तक मजबूत करने की एक नई कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
अमित शाह ने इमली प्रसंस्करण केंद्र में प्रशिक्षण पा रही स्व सहायता समूह की महिलाओं से जाना कि कैसे वे इमली बिक्री कर अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं। शाह ने बस्तर की इमली का स्वाद चखा और कहा कि यहां की इमली में बहुत मिठास है। समूह की लंबी नाग ने बताया कि इस समूह से जुड़कर वे सालाना एक लाख रुपये तक आय अर्जित कर सकेंगी। गुंडाधूर महिला स्व सहायता समूह में महिलाएं इमली का प्रसंस्करण करके उच्च गुणवत्ता युक्त इमली पल्प तैयार कर रही हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सेवा सेतु केंद्र भी पहुंचे। यहां वे ग्राम नेतानार निवासी सुखदेवी से मिले। सुखदेवी ने बताया कि उन्होंने अभी अपनी पांच माह की बेटी पद्मा का आधार कार्ड बनवाया है। आधार सेवा केंद्र खुलने से पहले उन्हें 10 किलोमीटर पैदल चलकर नानगुर तक जाना पड़ता था। अब यहां पर ग्रामीणों को नया आधार, आधार अपडेट, केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट, ई-आधार जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
सेवा सेतु केंद्र में सोनामनी ने बताया कि वे बहुत दिन से महतारी वंदन योजना का ई-केवाईसी कराना चाहती थीं, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण वे जा नहीं पा रही थीं। गांव में ही केंद्र खुल जाने के कारण आज ही उन्होंने ई-केवाईसी करा लिया है।
एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की ऑनलाईन सुविधाएं होगी उपलब्ध
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण यहां पर विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन प्रमाण पत्र का लाभ ले सकेंगे। इस केंद्र में जन्म, आय, जाति आदि प्रमाण पत्र आसानी से एक ही जगह बनाए जा सकेंगे। इस केंद्र में महिलाओं को बैंक सखी का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बैंक सखी के माध्यम से महिलाएं गांव में ही पैसा जमा करना, पैसा निकालना, स्व सहायता समूह के लिए खाता खोलना, केवाईसी, बैंक खाते में मोबाइल नंबर अपडेट, एसएचजी क्रेडिट लिंकेज जैसी सुविधाएं पा सकेंगी।
गृहमंत्री अमित शाह ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण पा रही महिलाओं से भी मुलाकात की। यहां पर महिलाओं को बेसिक एवं एडवांस सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विजय कुमारी ने बताया कि यहां से सिलाई सीखने के बाद वे अच्छे से अपने परिवार का पालन-पोषण कर पाएंगी। गृह मंत्री अमित शाह ने धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र में ग्रामीण महिलाओं से चर्चा की। इसके माध्यम से चावल बिक्री से ग्रामीण महिलाओं की आय वृद्धि तो होगी, साथ ही निकलने वाली धान की भूसी से पशुओं को पौष्टिक आहार भी मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



