छत्तीसगढ़

जगदलपुर में आज मध्यक्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता, 4 राज्यों के CM होंगे शामिल

जगदलपुर में आज मध्यक्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता, 4 राज्यों के CM होंगे शामिल

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah के बस्तर दौरे का मंगलवार को दूसरा दिन है। आज जगदलपुर में मध्यक्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता स्वयं अमित शाह करेंगे। इस अहम बैठक में उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक में राज्यों के बीच प्रशासनिक समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, विकास कार्यों और नीतिगत मामलों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी। इसमें संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गृह विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास योजनाओं, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, सड़क एवं संचार सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दों पर भी विशेष चर्चा हो सकती है।

बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोपहर 3 बजे प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इस दौरान बस्तर संभाग के लिए किसी विशेष पैकेज या नई विकास योजनाओं की घोषणा किए जाने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस प्रेस वार्ता को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके बाद दोपहर 3:45 बजे अमित शाह जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जगदलपुर और आसपास के इलाकों में पुलिस एवं सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।

वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के जगदलपुर दौरे का भी मंगलवार को दूसरा दिन है। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे। बैठक समाप्त होने के बाद वे शाम 5 बजे जगदलपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 6:05 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और इसके बाद शाम 6:25 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

मध्यक्षेत्रीय परिषद की यह बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है। केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ठोस रणनीति तैयार करने पर भी जोर रहेगा। खासतौर पर बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में विकास और सुरक्षा के संतुलन को लेकर इस बैठक से बड़े फैसलों की उम्मीद की जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button