सुनवाई के बीच कोर्ट परिसर में भिड़े पक्षकार, तहसीलदार ने दोनों के खिलाफ दी तहरीर

सुनवाई के बीच कोर्ट परिसर में भिड़े पक्षकार, तहसीलदार ने दोनों के खिलाफ दी तहरीर
बलरामपुर। वाड्रफनगर तहसील कार्यालय में जमीन विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए पहुंचे दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आपस में भिड़ गए। तहसील कार्यालय से पुलिस के बाहर निकलते ही दोनों पक्षों के लोग तहसील परिसर में एक-दूसरे के साथ मारपीट करने लगे। घटना को गंभीरता से लेते हुए वाड्रफनगर तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे ने मारपीट में शामिल दोनों पक्षों के 18 लोगों के खिलाफ पुलिस चौकी में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दरअसल, वाड्रफनगर तहसीलदार के समक्ष मंगलवार को आवेदक इलियासुदीन पिता जलालूदीन विरूद्ध अनावेदकगण रसीद पिता इलियास, अफजल पिता इलियास और इलियास पिता इस्ताज के प्रकरण की सुनवाई हो रही थी। इसी दरम्यान अनावेदक पक्ष के पक्षकार एवं उनके साथ साक्ष्य के लिए उपस्थित गवाहों ने दूसरे पक्ष के अधिवक्ता सिद्वदकी के साथ गाली-गलौच करते हुए वाद-विवाद और मारपीट करने लगे। कोर्ट से निकाले जाने बाद तहसील एवं सिविल कोर्ट परिसर में दोनो पक्षों ने आपस में मारपीट की।
घटना को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार पंचभोई ने न्यायालय की गरिमा भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में दोनों पक्षों के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत शांति भंग करने की नामजद रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई है। रिपोर्ट के साथ घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है, ताकि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



