पीएम मोदी और मेलोनी की विला पैम्फिली में अहम द्विपक्षीय बैठक

इंडो-पैसिफिक से मेडिटेरेनियन तक साझेदारी मजबूत करेंगे भारत-इटली
रोम। पीएम मोदी के दौरे को लेकर इटली में हाई-लेवल सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। रोम एयरपोर्ट से लेकर उनके ठहरने के स्थान अनंतारा होटल तक कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इटैलियन स्पेशल ऑपरेशन यूनिट और इंटेलिजेंस एजेंसियां लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। पीएम मोदी इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से मुलाकात करेंगे। इसके बाद उनकी और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की विला पैम्फिली में अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेता व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, निवेश और तकनीक जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। दौरे के दौरान भारतीय और इटैलियन उद्योग जगत के प्रमुखों के साथ वर्किंग लंच भी आयोजित होगा। पीएम मोदी खाद्य और कृषि संगठन का दौरा करने के बाद भारत लौटेंगे।
दोनों नेताओं ने भारत-इटली संबंधों को नई दिशा देने के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप पेश किया है। दोनों नेताओं ने कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रकाशित संयुक्त लेख में भारत-इटली रिश्तों को स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप बताया, जिसे उभरते हुए “इंडो-मेडिटेरेनियन” दौर का अहम आधार कहा गया।
इटली एंड इंडिया: ए स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फॉर द इंडो-मेडिटेरेनियन शीर्षक वाले इस लेख में दोनों नेताओं ने कहा कि भारत और इटली के संबंध अब निर्णायक चरण में पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता केवल दोस्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वतंत्रता, लोकतंत्र और भविष्य के साझा विजन पर आधारित साझेदारी बन चुका है। लेख में इटली की औद्योगिक और विनिर्माण विशेषज्ञता को भारत की विशाल अर्थव्यवस्था, इनोवेशन इकोसिस्टम और इंजीनियरिंग क्षमता के साथ जोडऩे की योजना का भी जिक्र किया गया। दोनों देशों ने 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो से अधिक तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए रक्षा, एयरोस्पेस, स्वच्छ ऊर्जा, मशीनरी, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।
पीएम मोदी ने मेलोनी को गिफ्ट की भारत की मशहूर टॉफी मेलोडी
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मिले खास तोहफे के लिए सोशल मीडिया पर आभार जताया। मेलोनी ने ट्वीट करते हुए लिखा, गिफ्ट के लिए धन्यवाद। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि पीएम मोदी उनके लिए भारत की मशहूर टॉफी मेलोडी लेकर आए। मेलोनी ने कहा, कि प्रधानमंत्री मोदी एक बहुत, बहुत अच्छी टॉफी- मेलोडी गिफ्ट में लाए।



