छत्तीसगढ़

उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मिले भानपुरी के किसान, भूमि अधिग्रहण मुआवजा स्वीकृति पर जताया आभार


भाजपा नेता हेमराज सोनी के साथ ग्रामीणों ने की मुलाकात, सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित किसानों को मिली राहत
धमतरी-  जिले के ग्राम भानपुरी के किसानों ने सड़क चौड़ीकरण कार्य के तहत भूमि अधिग्रहण के एवज में 55 लाख रुपये की मुआवजा राशि स्वीकृत होने पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा नेता हेमराज सोनी के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपमुख्यमंत्री से मिला और किसानों की लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर धन्यवाद ज्ञापित किया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए उनकी कृषि भूमि अधिग्रहित की गई थी, जिसके मुआवजे को लेकर किसान लंबे समय से प्रयासरत थे। किसानों का कहना था कि उचित मुआवजा नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मामले को लेकर लगातार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष मांग उठाई जा रही थी।
भाजपा नेता हेमराज सोनी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए शासन स्तर पर लगातार पहल की। इसके बाद प्रभावित किसानों के लिए 55 लाख रुपये की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और ग्रामीणों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावित लोगों के हितों का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है। किसानों को उनका अधिकार समय पर मिले, इसके लिए शासन संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।
मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि शासन के सकारात्मक प्रयासों से उन्हें बड़ी राहत मिली है। किसानों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मामलों का इसी तरह समाधान किया जाता रहेगा।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button