छत्तीसगढ़

धमतरी में पुलिस ने फिर लौटाए 151 गुम मोबाइल, नागरिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान



पुलिस अधीक्षक धमतरी का “गुम मोबाइल वापसी अभियान” बना आमजन के लिए बड़ी राहत, अब तक 670 से अधिक मोबाइल किए जा चुके हैं सुपुर्द


ओड़िशा एवं मध्यप्रदेश तक ट्रेस किए गए मोबाइल, धमतरी पुलिस की मेहनत रंग लाई


धमतरी – पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में संचालित “गुम मोबाइल वापसी अभियान” के तहत आज पुलिस लाइन रूद्री स्थित पुलिस कंपोजिट बिल्डिंग में विशेष मोबाइल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर धमतरी जगदीश रामू रोहरा मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर धमतरी अविनाश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिले भर से गुम हुए एवं पुलिस द्वारा तकनीकी सहायता से खोजे गए 151 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए गए। उल्लेखनीय है कि कुछ मोबाइल फोन ओड़िशा एवं मध्यप्रदेश में उपयोग किए जा रहे थे, जिन्हें धमतरी पुलिस की साइबर टीम द्वारा ट्रेस कर रिकवर किया गया और धारकों को लौटाया गया।
उल्लेखनीय है कि धमतरी पुलिस द्वारा पूर्व में भी प्रभावी कार्यवाही करते हुए नवरात्रि में 108 सहित कुल 670 से अधिक गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। इस अभियान से आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास एवं संतोष का वातावरण निर्मित हुआ है। मोबाइल प्राप्त कर हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए धमतरी पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक का आभार जताया। कई हितग्राहियों ने बताया कि वर्षों पहले गुम हुए मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद उन्होंने छोड़ दी थी, लेकिन धमतरी पुलिस की इस पहल ने आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत किया है।
मोबाइल प्राप्त करने के बाद हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। ग्राम रावां निवासी सीताराम गजेन्द्र ने बताया कि वे कुर्रा बाजार में प्याज खरीद रहे थे, तभी उनका मोबाइल जेब से गायब हो गया था। उन्होंने मोबाइल मिलने पर धमतरी पुलिस का आभार जताया।
इसी प्रकार रायपुर से आए हितग्राही कल्पेश ने भी मोबाइल वापस मिलने पर धमतरी पुलिस के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि मोबाइल आज प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का आवश्यक अंग बन चुका है। धमतरी पुलिस आम नागरिकों को राहत पहुंचाने हेतु पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
महापौर धमतरी जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी पुलिस आमजन के हित में लगातार सराहनीय कार्य कर रही है। वहीं कलेक्टर धमतरी अविनाश मिश्रा ने इस पहल को जनहितकारी बताते हुए पुलिस टीम की सराहना की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में मोबाइल हितग्राही उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button