छत्तीसगढ़

सोरिद-जोधापुर वार्ड में लगे सुशासन तिहार शिविर में अव्यवस्था : विशु देवांगन

जनता एवं जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का आरोप

धमतरी नगर निगम अंतर्गत सोरिद-जोधापुर वार्ड में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में भारी अव्यवस्था एवं प्रशासनिक उदासीनता देखने को मिली। शिविर में पहुंचे वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि पूर्व में लगाए गए शिविरों में दिए गए आवेदनों का आज तक निराकरण नहीं किया गया, जिसके कारण लोगों को पुनः उन्हीं समस्याओं एवं मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

शिविर में मुख्य रूप से वर्षों से काबिज परिवारों को पट्टा प्रदान करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों के भुगतान में हो रही देरी को लेकर भी हितग्राहियों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए।
शिविर के दौरान जनता एवं जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। नागरिकों के बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थिति ऐसी रही कि वार्ड पार्षद एवं नगर निगम के उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र देवांगन को जमीन पर बैठकर आम नागरिकों के आवेदन भरने पड़े।
इस संबंध में सत्येंद्र देवांगन ने कहा कि “सुशासन तिहार के नाम पर जनता को केवल आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। यदि पूर्व में प्राप्त आवेदनों का निराकरण आज तक नहीं हुआ, तो पुनः शिविर आयोजित कर लोगों को बुलाना केवल औपचारिकता प्रतीत होता है। शिविर में पर्याप्त व्यवस्था का अभाव प्रशासनिक संवेदनहीनता को दर्शाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि वार्डवासी अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर शिविर में पहुंचे थे, किंतु अव्यवस्था एवं लंबित मामलों के कारण लोगों में निराशा का माहौल है। कई हितग्राहियों को पुनः नगर निगम कार्यालय बुलाया जाना शिविर की व्यवस्था एवं उद्देश्य पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
वार्डवासियों ने मांग की है कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण कर केवल औपचारिक शिविरों के बजाय वास्तविक रूप से जनता को राहत प्रदान की जाए।

Author Desk

Related Articles

Back to top button