छत्तीसगढ़

ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल एप और ऑनलाइन लिंक के जरिए चला रहा था

सट्टा कारोबार, सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
धमतरी। जिले में जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल एप एवं ऑनलाइन लिंक के माध्यम से आईपीएल मैच में हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा कारोबार चला रहा था।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान गोल बाजार क्षेत्र में मौजूद थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ALL PANNALE Exch नामक ऑनलाइन लिंक एवं मोबाइल एप के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैच में हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेल रहा था। आरोपी द्वारा आईडी और पासवर्ड के जरिए सट्टा संचालित किया जा रहा था तथा मोबाइल एप के माध्यम से रुपए-पैसों का लेनदेन किया जा रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को बैंकिंग एवं यूपीआई ट्रांजेक्शन संबंधी जानकारी भी मिली है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए संबंधित व्यक्ति के खाते में फोन-पे एवं यूपीआई के माध्यम से 49 हजार 990 रुपये ट्रांसफर किए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त एक वन प्लस 11 मोबाइल फोन जप्त किया है, जिसमें जियो एवं एयरटेल कंपनी के सिम कार्ड लगे हुए थे। मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। साथ ही ऑनलाइन सट्टेबाजी में उपयोग किए गए लिंक, आईडी, पासवर्ड एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है।
आरोपी संदीप ओटवानी उर्फ जागरा पिता स्व. जोधाराम ओटवानी उम्र 40 वर्ष निवासी आमापारा धमतरी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में धारा 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं साइबर अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button