छत्तीसगढ़

उपसरपंच संघ की बैठक सम्पन्न, अधिकारों की मजबूती और मानदेय वृद्धि पर हुई चर्चा


धमतरी-  जनपद पंचायत धमतरी सभाकक्ष में शुक्रवार को उपसरपंच संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक के विभिन्न ग्राम पंचायतों के उपसरपंचों ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने, उपसरपंचों के अधिकारों की रक्षा तथा विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में प्रमुख रूप से उपसरपंचों के मानदेय में वृद्धि की मांग उठाई गई। साथ ही पंचायत स्तर पर उपसरपंचों की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने एवं उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। संघ द्वारा प्रतिवर्ष उपसरपंचों का वार्षिक सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि प्रदेशभर के उपसरपंच एक मंच पर आकर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा कर सकें।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि किसी भी उपसरपंच को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने या राजनीतिक द्वेषवश कार्रवाई करने की स्थिति में उपसरपंच संघ प्रशासन के समक्ष मजबूती से मामला उठाएगा तथा संबंधित पक्षों पर कार्रवाई की मांग करेगा।
उपसरपंच संघ अध्यक्ष माधवेंद्र साहू ने कहा कि पंचायत व्यवस्था में उपसरपंचों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण विकास एवं जनहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है, इसलिए उनके सम्मान, अधिकार और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए सभी को संगठित होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि संघ उपसरपंचों की समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा।
बैठक के अंत में संगठन विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर मनीष साहू, विनोद डिंडोलकर, नोमेश सिन्हा, खिलेंद्र साहू, अरमान खान, तातेश्वर साहू, देवनारायण साहू, मिलन साहू, पुनराद धीवर, दामन साहू, ज्योतिबा खरे, प्रतिभा साहू, बसंती साहू, डुमेश्वरी नेताम एवं परमेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में उपसरपंच उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button