छत्तीसगढ़

महादेव घाट रोड व्यापारी संघ ने नए निगम कमिश्नर संबित मिश्रा से की सौजन्य मुलाकात, व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान की उठाई मांग


रायपुर-महादेव घाट रोड व्यापारी कल्याण संघ ने नगर पालिक निगम रायपुर के नव नियुक्त कमिश्नर संबित मिश्रा से सौजन्य भेंट कर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। व्यापारी संघ के अध्यक्ष विमल बाफना के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से कमिश्नर को अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लाखे नगर से रायपुर ब्रिज तक सड़क किनारे संचालित व्यापारियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने मांग रखी कि दुकानों के सामने सफेद पट्टी मार्किंग कराई जाए, ताकि प्रत्येक दुकान की सीमा स्पष्ट रूप से तय हो सके और अनावश्यक विवादों से बचा जा सके। इसके अलावा अनमोल ज्वेलर्स से लाखे नगर चौक तक लंबे समय से अधूरा पड़ा पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग भी की गई।
व्यापारी संघ ने क्षेत्र में बढ़ती अव्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए ठेला-खोमचा संचालकों के लिए अलग से व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाने का सुझाव दिया। संघ का कहना था कि इससे सड़क किनारे लगने वाले अस्थायी व्यवसायों को भी व्यवस्थित स्थान मिलेगा और यातायात व्यवस्था बेहतर हो सकेगी। साथ ही लाखे नगर चौक को और अधिक सुंदर, स्वच्छ एवं भव्य स्वरूप देने की मांग भी व्यापारियों द्वारा की गई।
व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने तत्काल जोन क्रमांक-5 के जोन कमिश्नर को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर व्यापारी संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल में विमल बाफ़ना,राजकुमार अग्रवाल, विनोद जोशी, विनोद जैन, वैभव सालुंखे और प्रशांत भागवत सहित अन्य व्यापारी शामिल थे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button