भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी करने वाला आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार

खुद को नितिन नवीन का पीए बताकर ऐंठे थे पैसे
रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सहदेव मलिक को ओडिशा के पुरी से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताकर विधायक से पैसों की मांग की थी। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर ला रही है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सहदेव मलिक ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर कहा था कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण परेशानी में फंस गया है। उसने डीजल भरवाने और तत्काल जरूरत का हवाला देते हुए पैसों की मांग की। आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे उसकी बात पर आसानी से भरोसा हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले 4,500 रुपए मांगे थे, लेकिन मदद के उद्देश्य से विधायक की ओर से जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए उसके खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए गए। करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की। इस पर विधायक को शक हुआ। उन्होंने भाजपा नेता नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ली, जहां पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत नहीं है। इसके बाद मामले की शिकायत खम्हारडीह थाने में दर्ज कराई गई।
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में आरोपी की लोकेशन ओडिशा में मिलने पर रायपुर पुलिस की टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।



