एलपीजी, यूपीआई, बैंकिंग और रेलवे में बदलाव, बदल गईं कई व्यवस्थाएं, आम आदमी की जेब और बजट पर पड़ेगा सीधा असर, अनदेखी पड़ सकती है भारी

एलपीजी, यूपीआई, बैंकिंग और रेलवे में बदलाव, बदल गईं कई व्यवस्थाएं, आम आदमी की जेब और बजट पर पड़ेगा सीधा असर, अनदेखी पड़ सकती है भारी
नई दिल्ली। जून 2026 की शुरुआत आम लोगों के लिए कई बड़े बदलावों के साथ हुई है। आज से ऐसे कई नए नियम लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब, घरेलू बजट और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है। रसोई गैस से लेकर डिजिटल पेमेंट, बैंकिंग, टैक्स, रेलवे और ऑटोमोबाइल सेक्टर तक कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए गए हैं। कुछ नियम लोगों को अधिक सुरक्षा और सुविधा देने के लिए लाए गए हैं, जबकि कुछ बदलावों से खर्च बढ़ने की संभावना है। ऐसे में हर नागरिक के लिए इन नए नियमों की जानकारी रखना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी या ज्यादा आर्थिक बोझ से बचा जा सके।
यूपीआई पेमेंट में दिखेगा असली नाम
डिजिटल भुगतान को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए अब यूपीआई से पैसे भेजने से पहले सामने वाले व्यक्ति या व्यापारी का बैंक में दर्ज आधिकारिक नाम दिखाई देगा। इससे गलत खाते में पैसे भेजने और फर्जीवाड़े के मामलों को कम करने में मदद मिलेगी। यह नियम सभी प्रमुख यूपीआई ऐप्स पर लागू होगा।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा
तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए हैं। हालांकि घरेलू 14.2 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसका असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर पड़ सकता है।
यहाँ भी हुआ बदलाव :
कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। मारुति सुजुकी ने अपने कई मॉडलों की कीमतों में 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। वहीं हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपने वाहन पोर्टफोलियो की कीमतें बढ़ा दी हैं। केरल के प्रमुख डेयरी ब्रांड , मिलमा ने दूध की कीमतों में 4 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी लागू कर दी है। इससे लाखों परिवारों के मासिक खर्च पर असर पड़ सकता है। ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने के लिए बड़े मूल्य के डिजिटल भुगतान पर अब ज्यादा सुरक्षा जांच लागू की जा रही है। ऐसे मामलों में फिंगरप्रिंट, फेस आईडी या अन्य दो-स्तरीय प्रमाणीकरण की जरूरत पड़ सकती है। एयर इंडिया और इंडिगो ने अगले तीन महीनों के लिए कुछ घरेलू उड़ानों में कटौती करने की प्लानिंग बनाई है। इससे कई रूटों पर टिकटों की मांग बढ़ सकती है और किराए महंगे हो सकते हैं।
सरकार ने पैन से जुड़े कई नियमों में संशोधन किया है। अब कुछ लेनदेन में पैन की आवश्यकता नहीं होगी, जबकि बड़ी प्रॉपर्टी डील और अन्य हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन में पैन अनिवार्य कर दिया गया है। इसका उद्देश्य वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता बढ़ाना है। सरकारी योजनाओं और सब्सिडी वाले सोलर प्रोजेक्ट्स में अब केवल एएलएमएम सूची में शामिल सोलर मॉड्यूल और सेल का उपयोग किया जा सकेगा। इससे क्वालिटी बेहतर होने की उम्मीद है, लेकिन कीमतों में कुछ बढ़ोतरी भी हो सकती है।
रेलवे यात्रियों को रखना होगा ध्यान
भारतीय रेलवे कई रूटों पर ट्रैक अपग्रेडेशन और तकनीकी काम करने जा रहा है। इसके चलते कई ट्रेनों के रूट बदले जा सकते हैं और कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द भी किया जा सकता है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचने की सलाह दी गई है।
एडवांस टैक्स की पहली किस्त जमा करने की तैयारी
जिन करदाताओं की अनुमानित टैक्स देनदारी 10,000 रुपए से अधिक है, उन्हें 15 जून तक एडवांस टैक्स की पहली किस्त जमा करनी होगी। समय पर भुगतान न करने पर ब्याज और जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। 1 जून से लागू हुए ये बदलाव सीधे तौर पर आम लोगों के खर्च और फाइनेंशियल प्लानिंग को प्रभावित कर सकते हैं। जहां कुछ नियम सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए लाए गए हैं, वहीं दूध, कार और कमर्शियल एलपीजी जैसी जरूरी चीजों के महंगे होने से लोगों की जेब पर ज्यादा बोझ पड़ सकता है।
शेयर बाजार में हरियाली; सेंसेक्स 200 अंक चढ़ा, निफ्टी 23600 के पार
घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को हरे निशान पर कारोबार की शुरुआत हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 206.16 अंक चढ़कर 74,981.90 पर पहुंच गया; निफ्टी 42.65 अंक बढ़कर 23,604.80 पर पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के युद्धविराम की खबरों के बाद वैश्विक बाजार में सकारात्मक बदलाव आया है, जिससे भू-राजनीतिक तनाव कम होने और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के सुचारू रूप से आवागमन की उम्मीदें बढ़ी हैं। सकारात्मक माहौल के बावजूद, घरेलू और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण निवेशक सतर्क रहने की संभावना है। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 9 पैसे गिरकर 94.94 पर आ गया।



