विधायक इन्द्र साव बोले सुशासन तिहार सिर्फ पेपरबाजी तक सीमित, पानी, बिजली, खाद तक नहीं मिल रहा

विधायक इन्द्र साव बोले सुशासन तिहार सिर्फ पेपरबाजी तक सीमित, पानी, बिजली, खाद तक नहीं मिल रहा
बलौदाबाजार (प्रखर )। विधायक इन्द्र साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में चल रहा सुशासन तिहार सिर्फ ढकोसला बन कर रह गया है और सरकार सिर्फ पेपर बाजी करवा कर अपनी पीठ थपथपा रही है, आम जनता, ग्रामीण किसान सब बेबस हो चले है उन्हें ना तो पानी मिल रहा,ना खाद मिल रही और ना ही नियमित रूप से बिजली मिल रही है।
विधायक इंद्र साव ने कहा कि सुशासन तिहार भाजपा सरकार के गले की फांस बन चुका है। छत्तीसगढ़ के हर जिले के सुशासन तिहार में जनता का आक्रोश गुस्सा और सरकार की नाकामी सामने आ रही है जिसका उदाहरण उनके विधानसभा क्षेत्र में भी देखने को मिला है, जब सिमगा नगर में शंकर नगर के हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित शिविर में आए 610 आवेदनों में से कोई भी आवेदन का निराकरण सरकार के अधिकारी नहीं कर पाए, जबकि इन आवेदन में 560 आवेदन मांग से संबंधित और 50 आवेदन शिकायत से संबंधित था। जिसमें से किसी का भी निराकरण ना हों पाना जनता की भावनाओं से खिलवाड़ है। वही विधायक साव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे शिविर के लिए क्लस्टर अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों से सरपंच सचिव के माध्यम से शिविर के नाम पर 10 दस हजार रुपए मांगे जा रहे है, जबकि पंचायतों को मूलभूत और 15 वे 16 वे वित्त की राशि भी पूरी नहीं मिल पाई है ऐसे में शिविर के लिए दबावपूर्वक राशि मांगना सरकार की करनी और कथनी को उजागर करता है।
विधायक साव ने कहा कि सुशासन तिहार में किसान खाद की कमी सहकारी बैंक की अवैध वसूली और धान खरीदी में भ्रष्टाचार को लेकर विरोध कर रहे है,लेकिन कही कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे है जांच की मांग कर रहे हैं लेकिन सुनवाई कही नहीं हो रही है।
बलौदा बाजार से संवाददाता राजेश्वर गिरी की रिपोर्ट



