पीएम मोदी ने 12 वर्षों में नए भारत का निर्माण किया : सीएम विष्णुदेव साय

पीएम मोदी ने 12 वर्षों में नए भारत का निर्माण किया : सीएम विष्णुदेव साय
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को आयोजित मीडिया कॉन्क्लेव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में उन्होंने नए भारत का निर्माण किया है। सीएम साय ने कहा कि आज का भारत ऐसा देश बन चुका है जो दुश्मनों को घर में घुसकर जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि उन्होंने मंत्री के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के साथ कार्य किया है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में देश के 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें हैं, जो जनता के आशीर्वाद और विश्वास का परिणाम है।
योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके साथ ही 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। छत्तीसगढ़ के संदर्भ में उन्होंने बताया कि राज्य में 18 लाख आवासों में से 10 लाख आवास पूरे किए जा चुके हैं और प्रतिदिन 1600 से अधिक आवासों का निर्माण किया जा रहा है।
जल जीवन मिशन पर जोर
सीएम साय ने कहा कि हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन की शुरुआत की गई है, जिसके तहत देशभर में 16 करोड़ से अधिक लोगों के घरों तक नल का पानी पहुंचाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
निवेश और विकास को नई गति देने के लिए लगातार प्रयास :
दिल्ली और हैदराबाद दौरे से लौटे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कल मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश में निवेश और विकास को नई गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हैदराबाद में आयोजित नेशनल कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उद्योग समूहों के साथ करीब 9,500 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू (समझौता ज्ञापन) हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल, फार्मा और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों का तेजी से विस्तार होगा। इससे प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के माध्यम से 7,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।


