चाकूबाज, नशे के सौदागर और अवैध शराब कारोबारियों के दिन पूरे, बोरिया-बिस्तर समेट लें – थाना प्रभारी तापेश्वर सिंह नेताम

चाकूबाज, नशे के सौदागर और अवैध शराब कारोबारियों के दिन पूरे, बोरिया-बिस्तर समेट लें – थाना प्रभारी तापेश्वर सिंह नेता
भखारा (धमतरी)। धमतरी जिले में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा 2 जुलाई को किए गए पुलिस विभाग के फेरबदल के बाद भखारा थाना को नया थाना प्रभारी मिल गया है। शनिवार को तापेश्वर सिंह नेताम ने भखारा थाना प्रभारी का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने अपराधियों, चाकूबाजों, नशे के सौदागरों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के स्पष्ट संकेत देते हुए दो टूक कहा कि “अब चाकूबाज, सूखा नशा और अवैध शराब का कारोबार करने वाले बोरिया-बिस्तर समेट लें। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।”
प्रखर प्रतिनिधि से विशेष चर्चा में थाना प्रभारी तापेश्वर सिंह नेताम ने कहा कि भखारा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी और फरियादियों को छोटी-छोटी बातों के लिए बार-बार थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हर शिकायत की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कोपेडीह में अवैध शराब कारोबार पर होगी बड़ी कार्रवाई
कोपेडीह क्षेत्र में कच्ची शराब के अवैध कारोबार के संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी ने कहा कि सबसे पहले पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाएगी। इस गोरखधंधे में शामिल लोगों की सूची तैयार कर जहां-जहां अवैध शराब बनाई जा रही है, वहां कार्रवाई करते हुए शराब बनाने के अड्डों को नष्ट किया जाएगा। पहली बार चेतावनी दी जाएगी, लेकिन इसके बाद भी यदि कोई नहीं सुधरा तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा, “कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से बच नहीं सकता।”
भखारा में पहली पोस्टिंग, अपराध पर रहेगा विशेष फोकस
तापेश्वर सिंह नेताम का 1 जुलाई को रायपुर जिले से धमतरी जिले में स्थानांतरण हुआ है। 4 जुलाई से उन्होंने भखारा थाना की कमान संभाली है। धमतरी जिले में यह उनकी पहली पदस्थापना है। इससे पहले वे दुर्ग जिले के पुलगांव, दुर्ग कोतवाली, एसटीएफ, रायपुर के सिविल लाइन, मुजगहन, उरला, खरोरा, साइबर सेल एवं क्राइम ब्रांच जैसे महत्वपूर्ण थानों और शाखाओं में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
चार्ज लेते ही शुरू किया एक्शन प्लान
पदभार ग्रहण करने के बाद थाना प्रभारी ने सबसे पहले थाना स्टाफ एवं विवेचकों की बैठक ली। बैठक में लंबित मामलों की जानकारी ली तथा थाना क्षेत्र के लगभग 50 गांवों की भौगोलिक एवं सामाजिक स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस की गश्त और पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम जनता सुरक्षित महसूस करे।
जनता को दिया भरोसा
थाना प्रभारी तापेश्वर सिंह नेताम ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। आम नागरिकों की शिकायतों का समय पर निराकरण किया जाएगा और किसी भी प्रकार के अपराध, अवैध शराब, सूखा नशा, चाकूबाजी तथा असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अंत में अपराधियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि भखारा थाना क्षेत्र में कानून का राज रहेगा। जो लोग सूखा नशा, अवैध शराब और चाकूबाजी जैसे अपराधों में लिप्त हैं, वे समय रहते अपने अवैध धंधे बंद कर दें, अन्यथा पुलिस की कार्रवाई के लिए तैयार रहें।



