नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की सख्ती: नियमों की अनदेखी पर बिलिंग मशीनें वापस, अध्यक्ष नीलेश लूनिया ने अधिकारियों को लगाई फटकार

नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की सख्ती: नियमों की अनदेखी पर बिलिंग मशीनें वापस, अध्यक्ष नीलेश लूनिया ने अधिकारियों को लगाई फटका
धमतरी। नगर निगम धमतरी के स्वास्थ्य विभाग ने कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में सख्त रुख अपनाते हुए आज बिलिंग मशीनों को वापस भिजवा दिया। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सभापति नीलेश लूनिया ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, नियमों की अनदेखी या मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में सभी कार्य शासन के नियमों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप ही किए जाएं। किसी भी सामग्री की खरीदी, वितरण अथवा उपयोग से संबंधित प्रत्येक कार्य पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमानुसार संपादित किया जाए, ताकि नगर निगम की कार्यप्रणाली पर किसी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे।
स्वास्थ्य विभाग के सभापति नीलेश लूनिया ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही या नियमों की अवहेलना दोबारा सामने आती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम की छवि और जनता के विश्वास से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता बनाए रखें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को विभागीय कार्यप्रणाली में अनुशासन और जवाबदेही स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



