
धमतरी में 18 जुलाई से गूंजेगा क्रिकेट का रोमांच, शुरू होगी “धमतरी टर्फ प्रीमियर लीग
दूधिया रोशनी में होंगे 7-7 ओवर के रोमांचक मुकाबले, विजेता टीम को ₹21 हजार का इनाम
क्रिकेट के नवीन स्वरूप बॉक्स क्रिकेट में अद्भुत रोमांच, खिलाड़ियों को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मंच – रोहित शर्म
धमतरी। जिले के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक शानदार और रोमांच से भरपूर आयोजन होने जा रहा है। आगामी 18 जुलाई से स्काई स्पोर्ट्स टर्फ, धमतरी में बहुप्रतीक्षित “धमतरी टर्फ प्रीमियर लीग” का आयोजन किया जाएगा। आधुनिक बॉक्स क्रिकेट की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों की टीमें भाग लेंगी। रात्रिकालीन दूधिया रोशनी में खेले जाने वाले मुकाबले खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी रोमांच का नया अनुभव लेकर आएंगे।
आयोजक रोहित शर्मा ने बताया कि क्रिकेट का यह नया प्रारूप तेजी से युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहा है। कम समय में अधिक रोमांच और तेज़ प्रतिस्पर्धा के कारण बॉक्स क्रिकेट की अलग ही पहचान बन चुकी है। इसी उद्देश्य से धमतरी में इस स्तर का आकर्षक टर्फ क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच मिल सके।
प्रतियोगिता में सभी मुकाबले 7-7 ओवर के होंगे और प्रत्येक मैच रात्रिकालीन समय में अत्याधुनिक लाइटिंग व्यवस्था के बीच खेला जाएगा। मैचों में विल्सन बॉल का उपयोग किया जाएगा तथा प्रतियोगिता के दौरान अंपायर का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।
टूर्नामेंट को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए आयोजकों ने शानदार पुरस्कारों की घोषणा की है। प्रतियोगिता की विजेता टीम को ₹21,000 नगद एवं आकर्षक ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹11,000 नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच, फाइनल मुकाबले में विशेष मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सहित कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी खिलाड़ियों को दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रति टीम प्रवेश शुल्क ₹1,000 निर्धारित किया गया है। टीमों का पंजीयन 10 जुलाई से 15 जुलाई तक किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में सीमित टीमों को ही शामिल किया जाएगा, इसलिए इच्छुक टीमें समय रहते अपना पंजीयन सुनिश्चित करें।
आयोजक रोहित शर्मा ने कहा कि धमतरी टर्फ प्रीमियर लीग का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि जिले के युवा खिलाड़ियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा, “क्रिकेट के नवीन स्वरूप बॉक्स क्रिकेट में अद्भुत रोमांच है और हमें विश्वास है कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों व दर्शकों दोनों के लिए यादगार साबित होगी।”
इच्छुक टीमें अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए रोहित शर्मा (मो. 8817080841) पर संपर्क कर सकती हैं।
“सीमित स्थान – अपनी टीम का पंजीयन जल्द कराएं और धमतरी टर्फ प्रीमियर लीग का हिस्सा बनकर रोमांचक क्रिकेट का आनंद उठाएं।”



