उरला थ्रीडी फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में कांग्रेस की जांच कमेटी गठित, शिव डहरिया को मिली जिम्मेदारी

उरला थ्रीडी फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में कांग्रेस की जांच कमेटी गठित, शिव डहरिया को मिली जिम्मेदारी
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला इलाके स्थित थ्रीडी फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट और इसमें तीन मजदूरों की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस ने जांच कमेटी का गठन किया है। पार्टी ने पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए 8 सदस्यीय कमेटी बनाई है, जिसकी जिम्मेदारी पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया को सौंपी गई है। उन्हें कमेटी का संयोजक नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस की यह जांच कमेटी जल्द ही घटनास्थल का निरीक्षण करेगी और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाएगी। कमेटी के सदस्य मृतक मजदूरों के परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और घटना के कारणों की जांच करेंगे।
पार्टी का कहना है कि फैक्ट्री में हुए इस हादसे की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। जांच कमेटी फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था, लापरवाही के संभावित कारणों और जिम्मेदार लोगों से जुड़े तथ्यों की भी जानकारी एकत्र करेगी।
जांच कमेटी में डॉ. शिवकुमार डहरिया के अलावा राजेन्द्र (पप्पू) बंजारे, अनिता शर्मा, आशीष छाबड़ा, उधोराम वर्मा, नंदलाल देवांगन, भावेश बघेल और मो. सिद्दीक को सदस्य बनाया गया है।
गौरतलब है कि उरला स्थित थ्रीडी फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में तीन मजदूरों की मौत हो गई थी। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और फैक्ट्री संचालन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से यह कमेटी गठित की है।



