अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से फिर 13 अपचारी बालक फरार, पुराना दरवाजा तोडक़र हुए फरार

अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से फिर 13 अपचारी बालक फरार, पुराना दरवाजा तोडक़र हुए फरार
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर 13 अपचारी बालक फरार हो गए। देर रात हुई इस घटना से संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरार बालकों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपचारी बालकों ने संप्रेक्षण गृह के पुराने दरवाजे को तोडक़र भागने की योजना बनाई। देर रात सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए सभी 13 बालक परिसर से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान तेज कर दिया।
यह पहली बार नहीं है जब इस बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक फरार हुए हों। इससे पहले 23 जून को भी यहां से 13 अपचारी बालक भाग निकले थे। उस मामले में पुलिस ने अधिकांश बालकों को पकड़ लिया था, लेकिन दो अपचारी बालक अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुराने और जर्जर दरवाजे के जरिए बार-बार फरारी की घटनाएं सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल रही हैं। फिलहाल पुलिस फरार बालकों की तलाश में जुटी हुई है, वहीं पूरे मामले की जांच जारी है।



