हाथ में भगवान का टैटू, निशाने पर मंदिर… कांकेर से पकड़ा गया शातिर चोर, धमतरी समेत कई जिलों में भी की थी चोरियां

हाथ में भगवान का टैटू, निशाने पर मंदिर… कांकेर से पकड़ा गया शातिर चोर, धमतरी समेत कई जिलों में भी की थी चोरिया
कांकेर। हाथों पर भगवान का टैटू बनवाकर आस्था का दिखावा करने वाला एक शातिर चोर मंदिरों को ही अपना निशाना बना रहा था। कांकेर पुलिस ने करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद आरोपी को जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने कांकेर के साथ-साथ धमतरी और बस्तर जिले के मंदिरों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरेंद्र गुप्ता, निवासी जिला कोंडागांव के रूप में हुई है। आरोपी ने कांकेर शहर के शीतला माता मंदिर, बालाजी मंदिर, नंदीश्वर महादेव मंदिर, शनि मंदिर और शिव मंदिर में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। शीतला माता मंदिर से चांदी के मुकुट, छत्र और नकदी सहित करीब 2 लाख 47 हजार रुपये की चोरी की गई थी। इसके अलावा अन्य मंदिरों की दान पेटियों से भी नकदी पार कर दी गई थी।
लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं के बाद कांकेर पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर एक संदिग्ध की पहचान हुई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आर्थिक लाभ के लिए मंदिरों में चोरी करता था। पुलिस से बचने के लिए उसने बेहद शातिर तरीका अपनाया था। वह न तो मोबाइल फोन रखता था और न ही बाइक का इस्तेमाल करता था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रैक न हो सके। आरोपी कोंडागांव से बस के जरिए कांकेर पहुंचता, पहले उन मंदिरों की रेकी करता जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होते। इन्हीं मंदिरों को वह आसान निशाना बनाता और तड़के सुबह 3 से 4 बजे के बीच चोरी कर बस से वापस फरार हो जाता था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने धमतरी और बस्तर जिले के मंदिरों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और आदतन अपराधी बताया जा रहा है।
कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए जिले में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही आम नागरिकों से घरों, मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई है, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।



