छत्तीसगढ़

नारी महानदी पुल हत्याकांड का खुलासा: चावल कारोबार की रंजिश में युवक की हत्या, 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

नारी महानदी पुल हत्याकांड का खुलासा: चावल कारोबार की रंजिश में युवक की हत्या, 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

धमतरी-  जिले के बहुचर्चित नारी महानदी पुल हत्याकांड का धमतरी पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चावल के व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश के चलते 27 वर्षीय नीरज साहू की हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में 21 वर्षीय बिरेंद्र कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को थाना कुरूद क्षेत्र अंतर्गत नारी महानदी पुल पर कुण्डेल निवासी नीरज साहू का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला था। शव के गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा घटनास्थल पर उसकी बोलेरो पिकअप वाहन भी खड़ी मिली थी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पाण्डेय के निर्देश पर कुरूद थाना, मगरलोड थाना एवं साइबर टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर तथा एसडीओपी रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने लगातार कई दिनों तक सघन जांच की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा अन्य सुरागों का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार की गई जांच के बाद संदेह बिरेंद्र कुमार साहू पर गया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह और मृतक दोनों चावल का व्यवसाय करते थे। मृतक का कारोबार अच्छा चलने और अधिक कमाई होने से वह उससे रंजिश रखने लगा था। इसी द्वेष के चलते उसने नारी महानदी पुल के सुनसान स्थान पर नीरज साहू को रोककर कैंची और पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कैंची और पाना बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरेंद्र कुमार साहू (21 वर्ष), पिता कन्हैयालाल साहू, निवासी सांकरा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है।

धमतरी पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड का खुलासा सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पुलिस जांच के आधार पर संभव हो सका। पुलिस ने कहा कि गंभीर एवं सनसनीखेज अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने की मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button