महासमुंद: बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग फरार, खिड़की की ग्रिल तोड़कर हुए फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

महासमुंद: बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग फरार, खिड़की की ग्रिल तोड़कर हुए फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
महासमुंद। जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के 8 नाबालिग फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सभी नाबालिग रात करीब 2 से 3 बजे के बीच खिड़की की ग्रिल तोड़कर परिसर से भाग निकले। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं पुलिस फरार नाबालिगों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले 4 से 5 महीनों के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे। इनमें एक नाबालिग दुष्कर्म, दो चोरी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि अन्य पर एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि फरार नाबालिगों का संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और ओडिशा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने फरार नाबालिगों की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से बच्चों के फरार होने की घटना सामने आई थी। एक बार फिर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार नाबालिगों की तलाश जारी है।



