छत्तीसगढ़

बोल बम के जयघोष के बीच भोरमदेव धाम में श्रद्धालुओं संग पैदल चले डिप्टी सीएम विजय शर्मा

सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ कबीरधाम

18 किमी की ऐतिहासिक पदयात्रा शुरू

कवर्धा। सावन माह के प्रथम सोमवार पर कबीरधाम जिला शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। हजारों श्रद्धालुओं के ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा कवर्धा शहर गूंज उठा। वर्षों पुरानी परंपरा के तहत बूढ़ा महादेव मंदिर से ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर तक 18 किलोमीटर लंबी भव्य पदयात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी श्रद्धालुओं के साथ पैदल पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का स्मरण करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पदयात्रा से पहले बूढ़ा महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। पूजा के बाद श्रद्धालु कांवड़ और भगवा ध्वज लेकर ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ भोरमदेव धाम के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग पर श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।

18 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग में सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पेयजल, शरबत, फल, जलपान और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की। सेवा कार्यों में युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी बढ़-चढक़र भागीदारी निभाई।

यात्रा के दौरान डीजे पर बजते शिव भजन, डमरू की गूंज और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ भगवान भोलेनाथ का गुणगान करते हुए भोरमदेव धाम की ओर बढ़ते रहे।

पदयात्रा का समापन भोरमदेव मंदिर में भगवान भोरमदेव के जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के साथ होगा। श्रद्धालु प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति, अच्छी वर्षा एवं जनकल्याण की कामना करेंगे।

सावन के प्रथम सोमवार पर आयोजित यह विशाल पदयात्रा कबीरधाम की धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनकर सामने आई। हजारों शिवभक्तों की भागीदारी ने एक बार फिर साबित किया कि कबीरधाम में सावन का पर्व जनआस्था के महापर्व के रूप में मनाया जाता है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button