महिला कर्मी के वेतन में गबन के आरोप में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव गिरफ्तार

भिलाई। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मी के वेतन में कथित गबन और पद के दुरुपयोग के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की गई।
एएसपी मणीशंकर चंद्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय की दैनिक वेतनभोगी कर्मी शुभांगी मराठे ने 3 अगस्त को कुलपति से शिकायत की थी। शिकायत के बाद गठित जांच समिति की रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितता और अमानत में खयानत के आरोपों की पुष्टि होने पर मोहन नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
जांच में सामने आया कि शुभांगी मराठे तत्कालीन कुलसचिव के निवास पर भोजन बनाने का कार्य भी करती थीं। उन्हें प्रतिमाह शासन के नियमानुसार 11,515 रुपये वेतन मिलता था, लेकिन आरोप है कि कुलसचिव उन्हें केवल 2,200 रुपये देकर शेष राशि फोनपे और पेटीएम के माध्यम से अपने पुत्र उदय कुलदीप के खाते में ट्रांसफर करने का दबाव बनाते थे।
पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2025 के बीच इस तरीके से कुल 1,49,384 रुपये का गबन किया गया। जांच के दौरान बैंक खातों और यूपीआई लेनदेन की जांच में आरोपों के समर्थन में साक्ष्य मिले। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने का भी दावा पुलिस ने किया है।
महिला कर्मी की शिकायत मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई के लिए दुर्ग एसएसपी को पत्र भेजा था। इसके आधार पर मोहन नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कुलसचिव को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने प्रशासनिक पद का दुरुपयोग करते हुए मातहत कर्मचारी पर दबाव बनाया और उसकी सैलरी का बड़ा हिस्सा अपने पुत्र के खाते में ट्रांसफर कराकर आर्थिक लाभ लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।



