राष्ट्रीय

मॉनसून सत्र पर हंगामे का साया, विपक्ष के तेवर से संसद की कार्यवाही बाधित, विपक्ष गृह मंत्री के बयान पर अड़ा

नई दिल्ली। मॉनसून सत्र में संसद की कार्यवाही लगातार हंगामे की भेंट चढ़ रही है। मंगलवार को भी लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते सदन का कामकाज बाधित हुआ और कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। राज्यसभा में भी हंगामे का असर देखने को मिला। विपक्षी सांसदों के विरोध के कारण उच्च सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी। कांग्रेस समेत विपक्षी दल गृह मंत्री के बयान की मांग को लेकर लगातार दबाव बना रहे हैं। विपक्षी सांसदों का कहना है कि जिन मुद्दों को लेकर वे चर्चा की मांग कर रहे हैं, उन पर सरकार को सदन में जवाब देना चाहिए। वहीं, सत्ता पक्ष की ओर से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की जा रही है।

एनडीए की ‘मंगल मिलन’ बैठक में बनी रणनीति

संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए संसदीय दल की बैठक संसद भवन परिसर में आयोजित की गई। ‘मंगल मिलन’ नाम से हुई इस बैठक में आगामी संसदीय रणनीति और सदन में सरकार का पक्ष मजबूती से रखने को लेकर चर्चा की गई। मॉनसून सत्र में लगातार हो रहे हंगामे के कारण महत्वपूर्ण विधायी कामकाज प्रभावित हो रहा है। अब सभी की नजरें आगे की कार्यवाही और सरकार-विपक्ष के बीच संभावित सहमति पर टिकी हुई हैं।

कांग्रेस पर बरसे संबित पात्रा, बोले- छात्रों के मुद्दे पर पार्टी का रवैया दोहरा

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पात्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुद्दों को लेकर चयनात्मक रुख अपनाती है और केवल राजनीतिक लाभ वाले मामलों को उठाती है। संबित पात्रा ने कहा कि झारखंड में हजारों छात्र लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी वहां प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में एक शब्द भी नहीं बोल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे को संसद में भी नहीं उठा रही है। भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया उसके “चुनिंदा आक्रोश” को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी मुद्दों को जनहित के बजाय राजनीतिक फायदे के नजरिए से देखती है। पात्रा ने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर गंभीर है, तो उसे सभी राज्यों में समान रूप से उनकी आवाज उठानी चाहिए।

इस बीच बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कुछ दलों पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सदन में प्रश्नकाल नहीं हो पा रहा है और लगभग किसी विधेयक पर चर्चा नहीं हो रही है। उन्होंने कर्नाटक पुलिस कांस्टेबल भर्ती में कथित पेपर लीक को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाए।

बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दों को लेकर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत विभिन्न विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही बाधित रही और दो बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजकर 10 मिनट पर ही बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष के हंगामे के बीच ही सदन ने सुप्रीम कोर्ट में प्रधान न्यायाधीश समेत न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने के प्रावधान वाला विधेयक बिना चर्चा के पारित कर दिया। सरकार ने विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के बीच ही भारतीय सांख्यिकी संस्थान विधेयक, 2026 और बैंककार बही साक्ष्य विधेयक, 2026 भी पेश किए।a

Author Desk

Related Articles

Back to top button