भाजपा ने यूपी, पंजाब और गुजरात में बदले प्रभारी, विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश की कमान

भाजपा ने यूपी, पंजाब और गुजरात में बदले प्रभारी, विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश की कमान
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीन राज्यों में संगठनात्मक बदलाव करते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी ने इन राज्यों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। भाजपा की ओर से जारी नियुक्ति सूची के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने पंजाब में सतीश पूनिया को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उनके नेतृत्व में राज्य में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। वहीं गुजरात के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी तरुण चुघ को सौंपी गई है। पार्टी ने उनके संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए गुजरात की जिम्मेदारी दी है। भाजपा के इन संगठनात्मक बदलावों को आगामी चुनावों और राज्यों में पार्टी के संगठन को और मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। नई नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी है।



