छत्तीसगढ़

रायपुर कमिश्नरेट में चाकूबाजी की दो वारदातों में दो युवकों की मौत, राजधानी में मचा हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाएं डीडी नगर थाना क्षेत्र से जुड़ी बताई जा रही हैं। वारदातों के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।

पहली घटना महादेव घाट रोड की है। जानकारी के अनुसार, कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टिकेंद्र ने सुमीत बाजार के सामने कैलाश को रोक लिया और चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टिकेंद्र पर वार कर दिया। इस घटना में टिकेंद्र की मौत हो गई। घायल कैलाश को गंभीर हालत में इलाज के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

दूसरी वारदात रविवार की रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभांठा में हुई। जानकारी के मुताबिक, 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद डीडी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। दोनों मामलों में बीएनएस की हत्या और बलवा सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनाओं के कारण, आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button