दही हांडी आयोजन को लेकर नगर निगम में हुई महत्वपूर्ण बैठक
दही हांडी, गणेश स्थल सजावट और झांकी प्रतियोगिता कराएगा नगर निगम; हिंदू संगठनों ने दिया सहयोग का भरोसा
दही हांडी आयोजन को लेकर नगर निगम में हुई महत्वपूर्ण बैठक
दही हांडी, गणेश स्थल सजावट और झांकी प्रतियोगिता कराएगा नगर निगम; हिंदू संगठनों ने दिया सहयोग का भरोस
धमतरी। आगामी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर नगर पालिक निगम धमतरी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दही हांडी उत्सव, गणेश स्थल सजावट एवं झांकी प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास कार्यों के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों को भी प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि “विकास के साथ-साथ धार्मिक आयोजन भी होते रहेंगे। हमारी संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, इन्हें संरक्षित करना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने सभी समाज एवं संगठनों से आपसी समन्वय और भाईचारे के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम के माध्यम से दही हांडी प्रतियोगिता, गणेश उत्सव के दौरान गणेश स्थलों की सजावट तथा झांकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा पालकी यात्रा एवं भव्य महाआरती जैसे कार्यक्रमों को भी आयोजन में शामिल करने पर सहमति बनी। आयोजन के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी नगर निगम द्वारा व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में सर्व हिंदू संगठन, श्री राम हिंदू संगठन, विश्व हिंदू परिषद एवं सर्व हिंदू समाज सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। सभी ने आयोजन में सहयोग देने और शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने की सहमति जताई।
महापौर रोहरा ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव, भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं भव्य स्वरूप देने के लिए सभी संगठनों से सहयोग की अपेक्षा जताई।
बैठक में दीपक लखोटिया, अशोक पवार, हरविंदर छाबड़ा, दिलीप सोनी, नंदू जसवानी, शगुन पटेल, रमेश्वर यादव, प्रवीण साहू, प्रतीक सोनी, एमआईसी सदस्य विजय मोटवानी, श्याम लाल नेताम, अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव, विभा चंद्राकर, पार्षदगण, एल्डरमैन सहित शहर के समाज प्रमुख एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



