राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में एफआईआर, एससी एसटी एक्ट समेत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज; आरोपों की जांच जारी

हल्द्वानी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 299 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1) के तहत मामला दर्ज किया है। मामला रामलीला मैदान में हुए साफ-सफाई कार्य और उसके बाद राहुल गांधी द्वारा की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा है। प्राथमिकी श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा समिति के सदस्य अमित कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अनुसूचित जाति से संबंधित हैं और जवाहर नगर कॉलोनी के निवासी हैं।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत में अमित कुमार ने आरोप लगाया है कि 8 अगस्त को रामलीला मैदान में कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मैदान का निरीक्षण करने पर वहां कूड़ा-कचरा, खाली बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री पड़ी मिली। उनके मुताबिक, इसके बाद 11 अगस्त को रामलीला मैदान में साफ-सफाई का कार्य कराया गया और धार्मिक अनुष्ठान भी किया गया। आरोप है कि राहुल गांधी ने दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस साफ-सफाई के कार्य को जातिगत रंग देते हुए इसे छुआछूत और आपराधिक कृत्य के तौर पर प्रस्तुत किया। अमित कुमार का आरोप है कि राहुल गांधी की कथित टिप्पणी से उनकी जातिगत भावनाएं आहत हुईं और इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें तथा समिति से जुड़े लोगों को सार्वजनिक रूप से छुआछूत करने वाला, जातिवादी और दलित विरोधी बताया जाने लगा।
सामाजिक प्रतिष्ठा और सुरक्षा प्रभावित होने का दावा
शिकायतकर्ता ने तहरीर में दावा किया है कि सोशल मीडिया पर चल रही टिप्पणियों के कारण उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा, आजीविका और व्यक्तिगत सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने पुलिस से राहुल गांधी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की। अमित कुमार ने यह भी कहा है कि यदि पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
पुलिस कर रही वीडियो और आरोपों की जांच
मामले को लेकर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मीडिया से कहा कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है और शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। एसएसपी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने पुलिस को कुछ वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं, जिनकी टीम जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों, उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों और संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।



