रायपुर में पिकअप में शव ले जा रहे हत्यारे पुलिस को देख गाड़ी छोड़ भागे

खमतराई-धरसींवा थाने में उलझा मामला
रायपुर। राजधानी में आरोपी हत्या के बाद शव को पिकअप वाहन में रखकर ठिकाने लगाने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण उनकी योजना धरी रह गई। पुलिस को देखकर आरोपी बीच रास्ते में ही वाहन छोड़कर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना रावाभाठा क्षेत्र से जुड़ी हुई है। कुछ युवक पिकअप वाहन में एक शव को लादकर कहीं ले जा रहे थे। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस की नजर संदिग्ध वाहन पर पड़ी। जैसे ही पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, आरोपियों में हड़कंप मच गया और वे गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि इस मामले में एफआईआर कौन सा थाना दर्ज करेगा, क्योंकि यह पूरा मामला खमतराई और धरसींवा थाना क्षेत्र के सीमा विवाद या क्षेत्राधिकार के दायरे में उलझा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय से स्थिति स्पष्ट करने में जुटे हैं। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। शव की पहचान, हत्या के कारण और इसमें शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। जन्माष्टमी के दिन हुई इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।



