नया रायपुर में तेज रफ्तार कार पलटी, युवती की मौत, तीन गंभीर

रायपुर (प्रखर)। राजधानी रायपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। देर रात नया रायपुर घूमने निकले दो युगल की कार सेड़ीखेड़ी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच मंदिर हसौद पुलिस कर रही है।
तेज रफ्तार के चलते हुआ हादसा
मंदिर हसौद थाना टीआई आशीष यादव ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि नया रायपुर से सेड़ीखेड़ी मोड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर एक तेज रफ्तार बलेनो कार पलट गई है। बताया गया कि कार में प्रखर सोनकर, सेजल सोनकर, शिवानी ठाकुर और अनंत सोनकर सवार थे। कार युवकों द्वारा चलाई जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।
युवती की मौके पर मौत
दुर्घटना में शिवानी ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया है। हादसे में कार सवार दो युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जांच की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।



