छत्तीसगढ़

ग्राम कंडेल में नाबालिग ने दिया हत्या की वारदात को अंजाम, मृतक राजमिस्त्री का काम करता था, चार-पांच दिन पहले ही गांव लौटा

धमतरी(प्रखर)। जिले में रविवार की रात ग्राम कंडेल में हुई हत्या ने सनसनी फैला दी है। हत्या का कारण तो सामने नहीं आया है लेकिन पुरानी रंजिश बताई जा रही है। रात में ही मृतक के शव को जिला अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया। अर्जुनी पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
एक वक्त था जब ग्राम कंडेल को आदर्श ग्राम कहा जाता था लेकिन आज आसपास नशे की सामग्री उपलब्ध होने की वजह से आदर्श ग्राम पर दाग भी लगने लगा है। कंडेल गांव में 6 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे 30 वर्षीय युवक पारसमणी साहू की हत्या का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। सूचना पर वरदान परामर्थ सेवा समिति के शिवा प्रधान एवं डूमन साहू भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की कार्रवाई के बाद मृतक के शव को मर्चुरी (शवगृह) में सुरक्षित लाया गया। हत्या का कारण तो सामने नहीं आया है लेकिन पुरानी रंजिश और नशा को एक वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। इस बीच यह जानकारी मिली है कि आरोपी नाबालिग युवक पुलिस के गिरफ्त में है।

परिजनों ने साजिश की आशंका जताई
मृतक के छोटे भाई यादराम साहू ने बताया कि रात 9 बजे उन्हें जानकारी मिली कि धारदार हथियार से बड़े भाई की गर्दन में वार किया गया है। पुलिस को सूचना दी गई। नाबालिक ने इस घटना को अंजाम दिया है। चाचा नंदकुमार साहू ने बताया कि 9 बजे सूचना पर घटना स्थल पहुंचे। बेदर्दी से उनके भतीजे को मारा गया। पारसमणि 3 माह से बाहर मिस्त्री का काम करने के लिए गया हुआ था। 4-5 दिन पहले ही वह घर आया था। आरोपी नाबालिग है। लेकिन ऐसा लग रहा है कि मारा कोई और है और आरोप उस नाबालिक पर लग रहा है। यह साजिश है। इसमें सूक्ष्म जांच होनी चाहिए। घर में अकेला लडक़ा कमाने वाला था। परिवार में शोक की लहर है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button