महालक्ष्मी पूजा में शामिल हुए लेख राम साहू
शरद रणसिंह के निवास पर ढाई दिनों तक चली विशेष पूजा-अर्चना, 56 प्रकार के व्यंजनों का लगाया गया महाभोग
महालक्ष्मी पूजा में शामिल हुए लेख राम साहू
शरद रणसिंह के निवास पर ढाई दिनों तक चली विशेष पूजा-अर्चना, 56 प्रकार के व्यंजनों का लगाया गया महाभोग
धमतरी। शहर के मराठा पारा निवासी श्री शरद रणसिंह के निवास पर आयोजित पारंपरिक महालक्ष्मी पूजा में कुरूद के पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय समन्वयक, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, नई दिल्ली लेख राम साहू विशेष आमंत्रण पर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मां महालक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
सदियों पुरानी परंपरा के अनुरूप रणसिंह परिवार द्वारा ढाई दिनों तक मां महालक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर माता रानी को 56 प्रकार के पारंपरिक व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया गया। महालक्ष्मी पूजा में भाजी और रोटी का भोग लगाने की विशेष एवं अनिवार्य परंपरा भी निभाई गई।
16 प्रकार की पारंपरिक चटनियों से सजा महाभोग
पूजा की विशेषता यह रही कि मां महालक्ष्मी को अर्पित किए गए महाभोग में 16 प्रकार की पारंपरिक चटनियां भी शामिल रहीं। इनमें टमाटर, मिर्च और नारियल के साथ-साथ अलसी, चना दाल, मीठा नीम, अमरूद सहित विभिन्न प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग किया गया। पारंपरिक विधि से तैयार किए गए इन व्यंजनों ने पूजा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को और बढ़ा दिया।
इस अवसर पर लेख राम साहू ने कहा कि मां महालक्ष्मी की आराधना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी सदियों पुरानी परंपराओं और संस्कारों को जीवंत रखने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे भक्तिमय आयोजनों से बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपरा और पारिवारिक संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि परिवार में बच्चों को जिस प्रकार के संस्कार दिए जाते हैं, वे संस्कार आगे चलकर पीढ़ी दर पीढ़ी समाज में आगे बढ़ते हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में बच्चों की सहभागिता उन्हें अपनी परंपराओं की जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती है।
लेख राम साहू ने अपने पुराने परम मित्र श्री शरद रणसिंह एवं उनके परिवार की महालक्ष्मी पूजा के प्रति श्रद्धा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि निश्चित रूप से ऐसे आयोजन परिवार और मोहल्ले में सकारात्मक एवं संस्कारपूर्ण वातावरण का निर्माण करते हैं।
उन्होंने मां महालक्ष्मी से प्रार्थना करते हुए कहा कि रणसिंह परिवार पर माता महालक्ष्मी की कृपा सदैव बनी रहे तथा परिवार में सुख, शांति, समृद्धि, यश और कीर्ति पीढ़ी-दर-पीढ़ी बनी रहे। उन्होंने शरद रणसिंह एवं उनके परिवार को महालक्ष्मी पूजा के पावन अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


