छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देश में दीप जले, धमतरी के सुलभ शौचालय अंधेरे में

कांग्रेस पार्षदों के साथ वार्डवासियों ने मोमबत्ती जलाकर किया विरोध प्रदर्शन, निगम प्रशासन से जल्द लाइट व्यवस्था की मांग

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देश में दीप जले, धमतरी के सुलभ शौचालय अंधेरे में

कांग्रेस पार्षदों के साथ वार्डवासियों ने मोमबत्ती जलाकर किया विरोध प्रदर्शन, निगम प्रशासन से जल्द लाइट व्यवस्था की मांग

धमतरी। नगर निगम क्षेत्र के जोधापुर स्थित सुलभ शौचालय में कई महीनों से लाइट बंद होने का मामला सामने आया है। इससे नाराज वार्डवासियों ने कांग्रेस पार्षदों के साथ सुलभ शौचालय के बाहर मोमबत्ती जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं, लेकिन धमतरी शहर के सुलभ शौचालय कई महीनों से अंधेरे में हैं। पार्षदों ने कहा कि शहर के अन्य सुलभ शौचालयों में भी लाइट व्यवस्था बंद होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

कांग्रेस पार्षदों ने कहा, “महापौर जी सेवा संकल्प अभियान के तहत जगह-जगह दीप जला रहे हैं। हमारा निवेदन है कि महीनों से अंधेरे में पड़े सुलभ शौचालयों में भी एक दीप जलाकर जनता को उजाला उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें।”

वार्ड की महिलाओं सुशीला बाई, आरती यादव और फुलबत्ती ने बताया कि करीब 80 परिवार इस शौचालय का उपयोग करते हैं। उनका कहना है कि शाम के बाद अंधेरा होने के कारण शौचालय जाना मुश्किल हो जाता है। अंधेरे में गिरने का डर बना रहता है और रात के समय सांप-बिच्छू का भी भय रहता है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि अंधेरे के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने की आशंका रहती है, जिससे वार्डवासियों में दहशत का माहौल रहता है।

प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम से जल्द से जल्द शौचालय में बिजली और लाइट की व्यवस्था बहाल करने की मांग की।

प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी, पार्षद योगेश लाल, सुमन सोमेश मेश्राम, सत्तू सेन, सुनीता बाई, दुलारी बाई, जागेश्वर निर्मलकर, बैशाखू राम, अमेरिका बाई, राजबत्ती बाई, प्रमिला बाई, राधिका बाई, गेंद सिंह सहित वार्डवासी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button