20 हजार की रिश्वत की मांग, 10 हजार लेते ही एसीबी ने बाबू को दबोचा

20 हजार की रिश्वत की मांग, 10 हजार लेते ही एसीबी ने बाबू को दबोचा
कुरूद। प्लाट डायवर्सन की प्रक्रिया के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कुरूद एसडीएम कार्यालय में कार्रवाई की। एसीबी की टीम ने भू-अर्जन एवं डायवर्सन शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका कुरूद के संजय नगर शिक्षक कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 15 निवासी प्रकाश चंद्राकर ने कन्हारपुरी स्थित करीब 1200 वर्गफीट के प्लाट के डायवर्सन के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि डायवर्सन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में कर्मचारी द्वारा 20 हजार रुपए की मांग की गई थी।
रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने 30 सितंबर को रायपुर पहुंचकर एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे डीएसपी राजेश चौधरी के नेतृत्व में 13 सदस्यीय टीम कुरूद एसडीएम कार्यालय पहुंची।
योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता ने कर्मचारी को 10 हजार रुपए दिए। रकम स्वीकार करते ही मौके पर मौजूद एसीबी अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए कर्मचारी को पकड़ लिया। अचानक हुई कार्रवाई से एसडीएम कार्यालय में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने आरोपी कर्मचारी के कक्ष में दस्तावेजों एवं अन्य पहलुओं की जांच की। मामले में एसीबी की कार्रवाई आगे जारी है।

