छत्तीसगढ़

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का धमतरी में नहीं दिखा बड़ा असर, जनहानि-पशुहानि और मकानों को नुकसान की सूचना नहीं

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा—प्रशासन सतर्क, किसानों की फसल क्षति का सर्वे जारी; मौसम साफ होने तक कटाई टालने की सलाह

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का धमतरी में नहीं दिखा बड़ा असर, जनहानि-पशुहानि और मकानों को नुकसान की सूचना नहीं

 

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा—प्रशासन सतर्क, किसानों की फसल क्षति का सर्वे जारी; मौसम साफ होने तक कटाई टालने की सलाह

 

धमतरी- चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए धमतरी जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिले में अब तक जनहानि, पशुहानि अथवा मकानों को क्षति पहुंचने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वहीं, संभावित बारिश और मौसम में बदलाव को ध्यान में रखते हुए किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमों द्वारा सर्वे किया जा रहा है।

 

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बताया कि संभावित मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही आवश्यक एहतियाती तैयारियां की थीं। विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए आम नागरिकों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक नागरिकों को आगामी दो से तीन दिनों तक विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

 

किसानों को कटाई टालने की सलाह

 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को सलाह दी गई है कि धान, दलहन और तिलहन की खड़ी फसल पकने की अवस्था में होने पर मौसम साफ होने तक दो से चार दिनों के लिए कटाई टाल दें। इससे फसलों को संभावित नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है। किसानों से अपनी उपज और खेतों की स्थिति पर नजर रखने तथा मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की गई है।

 

फसल क्षति का किया जा रहा आकलन

 

कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि जिले में किसानों की फसलों को संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सर्वे के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व एवं कृषि विभाग का अमला प्रभावित क्षेत्रों में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा ले रहा है। सर्वे के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और फसल क्षति होने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार दावा प्रक्रिया तथा नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को सुबह 5:30 बजे भारतीय मानक समय पर अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ कमजोर होकर अवदाब (डिप्रेशन) में परिवर्तित हो गया था। इसके बावजूद मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। वहीं, किसानों को फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां बरतने तथा किसी भी प्रकार की क्षति होने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देने कहा गया है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button