छत्तीसगढ़

बर्ड फ्लू से हड़कंप : रायगढ़ में रातों-रात 12 हजार चूजों, 17 हजार अंडों के साथ नष्ट की गई 5000 मुर्गियां, 10 किमी का दायरा सर्विलांस जोन

रायगढ़ में रातों-रात 12 हजार चूजों, 17 हजार अंडों के साथ नष्ट की गई 5000 मुर्गियां, 10 किमी का दायरा सर्विलांस जोन

रायगढ़। प्रदेश के रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर स्थित एक पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फार्म को सील कर दिया है और सभी मुर्गियों और अंडों को नष्ट कर दिया है। 12 हजार चूजों, 5 हजार मुर्गियों और 17 हजार अंडों को नष्ट किया गया है। पशुपालन विभाग, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मिलकर मामले को संभाला है। प्रशासन ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है और बर्ड फ्लू को फैलने से रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार प्रभावित क्षेत्र को संक्रमित क्षेत्र और निगरानी क्षेत्र घोषित किया गया है।

यह है पूरा मामला :
रायगढ़ के शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र, चक्रधर नगर रायगढ़ में शुक्रवार रात 10.30 बजे एक बर्ड फ्लू का केस मिलने की पुष्टि हुई। राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, भोपाल द्वारा शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र रायगढ़ से भेजे गए कुक्कुट पक्षी शव के नमूनों में उच्च पांथोपनिक एवियन इंफ्लूएंजा एच5एन1, (बर्ड फ्लू) के संक्रमण की पुष्टि 31 जनवरी 2025 को की गई है। रायगढ़ शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र रायगढ़ में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने पर कलेक्टर कार्तिकेया गोयल द्वारा राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और पशुपालन विभाग के राज्य कार्यालय के अधिकारियों के साथ आवश्यक समन्वय बनाकर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए गए। देर रात कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ आपात बैठक की, उसके बाद रात में ही पोल्ट्री फार्म की पांच हजार मुर्गियों, 12 हजार चूजों और 17 हजार अंडों को नष्ट किया गया।

कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने बर्ड फ्लू की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ आपातकालीन बैठक कर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रणनीति बनाई। इसके बाद पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम ने पूरी रात मुर्गियों के साथ चूजे और अंडों को नष्ट करने अभियान चलाया।

इसके साथ ही भारत सरकार के एक्शन प्लान फॉर प्रिवेंशन, कंट्रोल एंड कंटेनमेंट ऑफ एवियन इन्फ्लूएंजा (रिवाइज्ड 2021) के तहत पोल्ट्री फार्म के एक किलोमीटर का क्षेत्र ‘इंफेक्टेड जोन’ और 10 किमी का दायरा ‘सर्विलांस जोन’ घोषित कर दिया गया है। 10 किमी के दायरे में मुर्गी और अंडे की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button