छत्तीसगढ़

शासकीय नारायणराव मेघा वाले कन्या महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव भव्यता के साथ संपन्न


धमतरी(प्रखर) शासकीय नारायणराव मेघा वाले कन्या महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला, प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रभावी प्रदर्शन किया। नृत्य, संगीत, नाटक एवं समूह गीत जैसी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा रहे। अध्यक्षता पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा रंजना साहू उपस्थित रहीं। अतिथियों का महाविद्यालय परिवार की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में महापौर रामू रोहरा ने कहा कि कन्या शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है। आज की बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और ऐसे आयोजनों से उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा रंजना साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि छात्राओं के भीतर असीम संभावनाएं हैं। उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय द्वारा छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य एवं प्राध्यापकगण, कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। वार्षिक उत्सव का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button