चेक पोस्ट बोराई पर गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 35 किलो से अधिक गांजा जब्त

धमतरी(प्रखर) पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले के अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सतत निगरानी एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बोराई पुलिस द्वारा चेक पोस्ट बोराई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय यात्री बस से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया गया है।
दिनांक 04 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 12.30 बजे वाहन चेकिंग के दौरान यात्री बस “नरेश” क्रमांक CG-07-E-4433, जो कोरापुट (उड़ीसा) से रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रही थी, को रोककर तलाशी ली गई। बस में लोवर बर्थ क्रमांक 23 एवं 24 पर बैठी दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में पाई गईं, जिनके पास तीन ट्रॉली बैग रखे हुए थे।
संदेह के आधार पर दोनों महिलाओं को बस से उतारकर गवाहों की उपस्थिति में उनके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन सूटकेस से कुल 08 बंडलों में रखा मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे का कुल वजन 35 किलो 783 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 17 लाख 89 हजार 150 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बोराई में धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आरोपियों का विवरण
रेखा रानी, पति अजय कश्यप, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 24, बाजीगर बस्ती, फरीदकोट।
कोमल चौधरी, पति चैतराम चौधरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी दतिया, पोस्ट खामनी, जिला नवरंगपुर (स्थायी पता मथुरा, उत्तर प्रदेश)।
धमतरी पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



