ग्रीष्मकालीन तैयारी को लेकर जल विभाग की अहम बैठक, सुचारू जल आपूर्ति पर जोर

धमतरी(प्रखर ) नगर निगम धमतरी में आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जल विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने की। बैठक में गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट से निपटने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान भू-जल स्तर में लगातार गिरावट (वॉटर लेवल डाउन) को गंभीर विषय मानते हुए इसके प्रभावों पर विशेष विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो कुछ क्षेत्रों में जल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इस पर सभी वार्डों में नियमित निगरानी रखने और समस्या उत्पन्न होने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
फिल्टर प्लांट से मिलने वाले पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने हेतु संबंधित इंजीनियरों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही मोटर पंपों के माध्यम से वार्डों में की जाने वाली जल आपूर्ति की सतत मॉनिटरिंग, पाइपलाइन लीकेज की त्वरित मरम्मत, टैंकर व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त टैंकर की व्यवस्था करने पर सहमति बनी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग सभापति नीलेश लुनिया, सदस्यगण हेमंत बंजारे, अज्जू देशलहरे, विशु देवांगन, चंद्रभागा साहू एवं आशा लोधी उपस्थित रहे। वहीं विभागीय इंजीनियर लोमेश देवांगन, दिनेश शर्मा सहित पंच राम, नंदू लोधी एवं मुकेश शर्मा ने भी बैठक में अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए।
जल विभाग की ओर से आश्वस्त किया गया कि ग्रीष्मकाल के दौरान नागरिकों को जल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक कदम समय रहते उठाए जाएंगे और प्रत्येक वार्ड में नियमित समीक्षा की जाएगी



