छत्तीसगढ़

आकृति प्ले स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन


धमतरी(प्रखर) शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आकृति प्ले स्कूल द्वारा वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन आमंत्रण हेरिटेज साहू सदन, रूद्री (धमतरी) में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामू रोहरा उपस्थित रहे। शाला समिति एवं विद्यालय परिवार द्वारा उनका पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में रामू रोहरा ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव होती है। प्ले स्कूल बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मंच बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है।
वार्षिकोत्सव में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, लघु नाटक, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं विभिन्न थीम आधारित प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों की मासूम अदाएं और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या ने वार्षिक गतिविधियों, शैक्षणिक उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुए इस वार्षिकोत्सव ने अभिभावकों और अतिथियों के बीच विशेष उत्साह और संतोष का संदेश छोड़ा।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button