निगम पहुंचे विधायक सुनील सोनी, महापौर रामू रोहरा के कार्यों की सराहना; राजधानी तक हो रही धमतरी निगम की चर्चा

धमतरी(प्रखर) रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व सांसद सुनील सोनी शुक्रवार को नगर निगम धमतरी कार्यालय पहुंचे। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। निगम कार्यालय में आयोजित इस बैठक में भाजपा पार्षद, पार्टी पदाधिकारी एवं निगम के जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विधायक सुनील सोनी ने शहर में संचालित विकास कार्यों, निगम की कार्यप्रणाली और संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सड़क निर्माण, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, सौंदर्यीकरण तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर किए जा रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा की।
विधायक सोनी ने महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि धमतरी नगर निगम अपने विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं के कारण प्रदेश स्तर पर अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर में भी धमतरी निगम की कार्यशैली और योजनाओं की सकारात्मक चर्चा हो रही है, जो यहां की टीम की मेहनत और समर्पण को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और शहर का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। धमतरी नगर निगम इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है, जिससे आम नागरिकों का विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने निगम की टीम को विकास कार्यों की गति बनाए रखने और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी, ताकि धमतरी प्रदेश के अग्रणी नगरों में शामिल हो सके।
महापौर रामू रोहरा ने विधायक सुनील सोनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से शहर में विकास कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं और सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
निगम कार्यालय में आयोजित यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें शहर के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा हुई।



