छत्तीसगढ़

एनएच पर तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर पोल से जा टकराई, 3 की मौके पर मौत, एक गंभीर

एनएच पर तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर पोल से जा टकराई, 3 की मौके पर मौत, एक गंभीर

रायपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर स्थित पारागांव के पास बीती रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज गति से दौड़ रही कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसे का शिकार हुए सभी युवक कम उम्र के थे, जिससे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि, कार में सवार चारों युवक महासमुंद अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान पारागांव के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार के कारण कार सीधे डिवाइडर से टकराई और उछलकर पोल से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे में हर्ष कुमार देवांगन (21 वर्ष), राहुल देवांगन (20 वर्ष) और थानू सतनामी (22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मिथलेश धीवर (23 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button