छत्तीसगढ़

होली पर्व पर निगम स्वास्थ्य सभापति नीलेश लुनिया की अपील — स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर रहे धमतरी

धमतरी। रंगों के त्योहार होली को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। होली पर्व के मद्देनज़र निगम स्वास्थ्य सभापति नीलेश लुनिया ने शहरवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि त्योहार की खुशियों के साथ-साथ शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नीलेश लुनिया ने कहा कि होली प्रेम, उत्साह और भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए इसे जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि रंग खेलने के बाद कचरा, प्लास्टिक पाउच, पानी के गुब्बारे एवं अन्य अपशिष्ट सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। सूखा और गीला कचरा अलग-अलग निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने जानकारी दी कि होली त्योहार के दौरान शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में अलग से सफाई टीम गठित की गई है, जो होली के दिन एवं उसके अगले दिन प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई करेगी। इसके अलावा नालियों की सफाई, कचरा संग्रहण और त्वरित उठाव की भी व्यवस्था की गई है।
नीलेश लुनिया ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी निगरानी में रहेंगे, ताकि किसी भी क्षेत्र में गंदगी की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है। रासायनिक रंगों से बचें, प्राकृतिक रंगों का उपयोग करें तथा जल संरक्षण का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छ शहर ही स्वस्थ शहर की पहचान है। धमतरी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। यदि सभी लोग जिम्मेदारी निभाएँगे तो त्योहार की खुशियाँ भी दोगुनी होंगी और शहर की छवि भी बेहतर होगी।
अंत में स्वास्थ्य सभापति नीलेश लुनिया ने सभी नागरिकों को होली पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए अपील की कि वे मिलजुलकर, सौहार्दपूर्ण वातावरण में तथा स्वच्छता का ध्यान रखते हुए त्योहार मनाएँ और नगर निगम का सहयोग करें।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button