छत्तीसगढ़

फाग प्रतियोगिता जैसे आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का कार्य करते हैं : रंजना साहू


ग्राम सरसोंपुरी में पारंपरिक फाग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू ने दी होली की शुभकामनाएं


धमतरी। होली पर्व के अवसर पर ग्राम सरसोंपुरी में ग्रामवासियों द्वारा पारंपरिक फाग प्रतियोगिता का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर होली के रंगों के साथ लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक फाग गीतों और होली के लोकगीतों के साथ हुई। क्षेत्र की विभिन्न फाग मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। ढोलक, मंजीरा और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों पर गाए गए फाग गीतों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। फाग मंडलियों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और होली के पारंपरिक प्रसंगों को गीतों के माध्यम से प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रंजना डीपेंद्र साहू ने उपस्थित ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि होली का पर्व भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है, जो समाज में प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गांवों में आयोजित होने वाली फाग प्रतियोगिताएं हमारी लोक संस्कृति को संरक्षित रखने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सहयोग, एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का भाव मजबूत होता है। उन्होंने ग्राम सरसोंपुरी के ग्रामवासियों को इस सुंदर और प्रेरणादायी आयोजन के लिए बधाई दी तथा सभी को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू ने भी अपने उद्बोधन में कहा कि गांवों में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व हमें आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने ग्राम सरसोंपुरी के ग्रामवासियों द्वारा आयोजित इस सुंदर कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी को होली की बधाई दी।
फाग प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न मंडलियों ने पारंपरिक शैली में अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिसे ग्रामीणों ने बड़े उत्साह और तालियों के साथ सराहा। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली फाग मंडलियों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू, भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता दिग्विजय सिंह कृद्दत, भाजपा नेत्री रितिका यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन होली के पारंपरिक गीतों और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button