छत्तीसगढ़

ग्राम देमार में होली मिलन समारोह एवं फाग गीत सम्मेलन का भव्य आयोजन, अतिथियों ने दिया सामाजिक एकता का संदेश


होली का पर्व प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है : दीपेंद्र साहू


धमतरी। ग्राम देमार में नवयुवक फाग महोत्सव समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में होली मिलन समारोह एवं फाग गीत सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य होली पर्व की पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देना तथा समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि पूर्व प्रदेश भाजयुमो कार्यसमिति सदस्य दीपेंद्र साहू ने उपस्थित ग्रामीणों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है। यह त्योहार समाज में आपसी मतभेदों को दूर कर सभी को एकजुट होकर खुशियां बांटने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन गांव की परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बालाराम साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की फाग परंपरा हमारी लोकसंस्कृति की अमूल्य धरोहर है। फाग गीतों के माध्यम से गांवों में आनंद और उत्साह का वातावरण बनता है तथा लोग एक-दूसरे के साथ मिलकर त्योहार की खुशियां साझा करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामवासियों को इस सुंदर आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आई फाग मंडलियों ने पारंपरिक फाग गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। झांकी और लोकगीतों की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को होली के रंग और उमंग से सराबोर कर दिया। ग्रामीणों ने देर रात तक फाग गीतों का आनंद लिया और पारंपरिक लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली।
इस आयोजन को सफल बनाने में नवयुवक फाग महोत्सव समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के संरक्षक बिमलेश मीनपाल (सरपंच), शीत कुमार साहू (पूर्व सरपंच), अध्यक्ष हरवंश चंद्रवंशी मीनपाल, उपाध्यक्ष दुर्गांत पटेल, कोषाध्यक्ष भूपेंद्र साहू, सचिव विनोद कुमार मीनपाल, प्रचार मंत्री होमेश मीनपाल सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम में बोड़रा सोसायटी अध्यक्ष चिरौंजी लाल साहू, ब्राह्मणपारा वार्ड पार्षद कोमल सार्वा, भाजयुमो मंत्री पंकज साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button