धमतरी शहर में आवारा कुत्तों का आतंक, राहगीर परेशान — कई लोग हुए घायल

धमतरी। शहर में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर मोटरसाइकिल चलाते समय कुत्तों के अचानक दौड़ने और हमला करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिसके कारण कई लोग घायल भी हो चुके हैं।
शहर के गंगरेल रोड, गोल बाजार, इतवारी बाजार, रुद्री रोड और आमातालाब रोड जैसे व्यस्त इलाकों में आवारा कुत्तों का झुंड सड़कों पर घूमते हुए राहगीरों पर भौंकते और दौड़ते नजर आते हैं। कई बार ये कुत्ते अचानक मोटरसाइकिल के पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे वाहन चालक घबरा जाते हैं और संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और रात के समय इन कुत्तों की संख्या ज्यादा दिखाई देती है। बाजार और मुख्य सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों को लगातार डर बना रहता है। कुछ दिनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें बाइक सवार गिरकर घायल हो गए।
नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि शहर में बढ़ रहे आवारा कुत्तों की समस्या पर जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगे और भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
शहरवासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और उचित व्यवस्था करने की मांग करते हुए शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने की अपील की है।



