गोंडवाना गोंड महासभा की वर्चुअल बैठक संपन्न, फूलो देवी नेताम, माया चिंतामण ईवनाते और डायमंड ध्रुव को दी बधाई

धमतरी(प्रखर)गोंड समाज के प्रमुख संगठन गोंडवाना गोंड महासभा की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक 7 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष शिशुपाल शोरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान महासभा के पदाधिकारियों ने प्रस्तावित राष्ट्रीय अधिवेशन को महाराष्ट्र में आयोजित किए जाने पर चर्चा की और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज के विकास तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर महासभा की ओर से समाज का गौरव बढ़ाने वाली उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए फूलो देवी नेताम को दूसरी बार राज्यसभा सदस्य के रूप में छत्तीसगढ़ से निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इसके साथ ही राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की पूर्व सदस्य माया चिंतामण ईवनाते को महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने पर भी महासभा की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
बैठक में समाज के प्रतिभाशाली युवा डायमंड ध्रुव के संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में चयनित होने पर भी हर्ष व्यक्त किया गया। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि डायमंड ध्रुव की सफलता समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे आने वाली पीढ़ी को उच्च शिक्षा व प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
बैठक के समापन अवसर पर समाज एवं संगठन से जुड़े दो महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इनमें कर्नाटक स्थित कनक गुरुपीठ के पीठाधीश स्वर्गीय रामानंद स्वामी तथा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय देव कुमार गोंड के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक का संचालन राष्ट्रीय सचिव आर एन ध्रुव ने किया। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष खाम सिंह मांझी, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक केशकाल नीलकंठ टेकाम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक बरघाट मध्यप्रदेश कमल मर्सकोले, राष्ट्रीय सचिव के.एम. मैत्री (कर्नाटक), दिवाकर पेंदाम (महाराष्ट्र), सच्चिदानंद गोंड (पश्चिम बंगाल), हेमंत ध्रुवा (उड़ीसा), डॉ. शंकर लाल उइके, सांस्कृतिक सचिव रघुवीर सिंह मार्को, आर्थिक उद्यमिता एवं व्यापार प्रभाग प्रभारी डॉ. नारवेन कासव टेकाम, महिला प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती हिरासन उइके, राष्ट्रीय महासचिव महिला प्रभाग श्रीमती कांति नाग, प्रदेश उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ अंबिका प्रसाद शांडिल्य, संयुक्त सचिव जागेश्वर नेताम, भुवनेश्वर सिदार, महिला प्रभाग प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती बसंता ठाकुर, भरत लाल मार्को, प्रदेश अध्यक्ष मध्यप्रदेश चंदन लाल मर्सकोले, कर्नाटक से रामा गोंड, संभागीय संयोजक बिलासपुर आरसी ध्रुव, महाराष्ट्र से रमेश कोर्चो, महिला प्रभाग प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमती नीरा सिदार, प्रदेश महासचिव उड़ीसा प्यारी मोहन नायक तथा मुंगेली से अकत ध्रुव सहित अनेक पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया गया।



