गंगरेल में चैत्र नवरात्र की तैयारियां तेज, आदिशक्ति मां अंगारमोती ट्रस्ट की बैठक में बनी विभिन्न समितियां

धमतरी। आदिशक्ति मां अंगारमोती ट्रस्ट की बैठक ट्रस्ट अध्यक्ष जीवराखन मरई की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी चैत्र नवरात्र पर्व की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया।
बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों में माधव ठाकुर, डॉ. ए.आर. ठाकुर, नरोत्तम ठाकुर, ओंकार नेताम, ढालूराम ध्रुव, देवानंद नेताम, उदय नेताम, गणेश्वर ध्रुव, नारायण ध्रुव, ठाकुर राम नेताम, मानसिंह मरकाम, शशि ध्रुव, गीता नेताम, नंदा ध्रुव, अनिता ध्रुव, बुधन्तीन नेताम, अर्जुन कोर्राम, राजेन्द्र ध्रुव, तिजेन्द्र कुंजाम, बंटी मरकाम, दिग्विजय ध्रुव तथा युवराज ध्रुव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में नवरात्र के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक समिति, क्रय समिति, भंडार समिति, जोत समिति, पूजा समिति तथा निगरानी समिति का गठन कर उनके प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई। ट्रस्ट अध्यक्ष जीवराखन मरई ने बताया कि इस वर्ष चैत्र नवरात्र का शुभारंभ 19 मार्च से होगा। इसके मद्देनजर मंदिर परिसर, ज्योति कक्ष, भवन तथा माता मंदिर की साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य आवश्यक तैयारियों का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं द्वारा जोत-कलश प्रज्ज्वलित करने के लिए पंजीयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तेल ज्योति के लिए 1201 रुपये तथा घृत ज्योति के लिए 1501 रुपये की राशि पूर्व की तरह ही निर्धारित की गई है। इस वर्ष नवरात्र में लगभग 4000 ज्योतियां प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। 19 मार्च को संध्या 5 बजे से जोत प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम प्रारंभ होगा।
ट्रस्ट अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि इस बार माता मंदिर का जीर्णोद्धार कर नए डिज़ाइन में निर्माण कराया जा रहा है, जिसका कार्य प्रगति पर है। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर का नया स्वरूप देखने को मिलेगा। गर्मी और धूप को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसमें शुद्ध पेयजल, महिलाओं के लिए प्रसाधन, शिशुवती माताओं के लिए शिशुपान कक्ष, विश्राम स्थल, नियमित बिजली-पानी और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है।
श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगरानी समिति का गठन किया गया है जो पूरी व्यवस्था पर सतत नजर रखेगी। साथ ही आदिवासी गोंड समाज के युवा प्रभाग को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। युवा प्रभाग के सदस्य नवरात्र के दौरान ज्योति की देखरेख, मंदिर परिसर की साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं को पेयजल उपलब्ध कराना, दर्शनार्थियों को कतारबद्ध दर्शन कराना तथा भीड़ नियंत्रण जैसे कार्यों में सहयोग करेंगे।
बैठक के अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष जीवराखन मरई ने सभी श्रद्धालुओं, भक्तजनों और दानदाताओं को चैत्र नवरात्र पर्व पर सपरिवार माता के दर्शन के लिए आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी महाष्टमी पूजा के बाद विराट भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए सभी श्रद्धालुओं के सहयोग की अपेक्षा की गई है।



